इलाज करने गए अस्पताल,चोरो ने तोड़ा घर का ताला- नगदी व चांदी की चोरी, धरमजयगढ़ थाने मे रिपोर्ट दर्ज

बहू का इलाज कराने परिवार सहित अस्पताल आये ग्रामीण के सूने मकान में धावा बोलकर अज्ञात चोरों ने चांदी के आभूषण तथा नगद रकम सहित लगभग 46 हजार रूप्ए के सामान पर हाथ साफ कर दिया। उक्त चोरी की वारदात धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र की है।

इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार धरमजयगढ़ थानांतर्गत ग्राम सेमीपाली निवासी ऐतवार सिंह खेती किसानी का काम करता है। गत रविवार की शाम को उसकी बहू की तबीयत बिगडऩे पर उसे लेकर परिवार सहित धरमजयगढ़ अस्पताल आया था । वहीं मंगलवार को गांंव के परिचित ने फोन पर बताया कि उसके मकान का ताला टूटा हुआ है और दरवाजा खुला हुआ है। मकान में चोरी होने की संभावना है।

इस पर एतवार सिंह अपने गांव वापस आया तो देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा है। चांदी के पायल, सिक्के, कांसा के बर्तन व नगद 22 हजार रूपए नहीं है। इस पर किसान ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि चांदी के आभूषण तथा नगद रकम सहित लगभग 46 हजार रूपए की चोरी हुई है। पुलिस ने एतवार सिंह की रिपोर्ट पर अज्ञात चोर के विरूद्ध बीएनएस की धारा 303 (2), 331 (2) के तहत जुर्म दर्ज कर उसकी पतासाजी प्रारंभ कर दी है।