सारंगढ़ विधायक के पति समेत सात पर एफआईआर दर्ज

धान लाए बिना ही करा दी खरीदी की एंट्री,नोडल अफसर सस्पेंड

 

रायगढ़ सारंगढ़ विधायक उतरी जांगड़े के पति गणपत जांगड़े समेत सात लोगों पर कोसीर थाने में 91 बोरे धान की फर्जी बिक्री कराने पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। मामले में समिति की नोडल अफसर को सस्पेंड किया गया है।कोसीर सहकारी समिति के रक्सा धान खरीदी केंद्र में फर्जी तरीके से बिना धान ले जाए धान खरीदने की फर्जी एंट्री कराई गई।कलेक्टर को शिकायत मिली।उन्होंने तुरंत जांच समिति बना दी।भौतिक सत्यापन करने पर शिकायत सही पाई गई। फड़ प्रभारी और खरीदी केंद्र के दूसरे जिम्मेदारों से बयान लिया गया।इसमें पता चला कि किसान गणपत द्वारा दबाव डालकर फर्जी तरीके से आवक पर्ची बनवाई गई।एंट्री कराई और शासन को 83 हजार 720 रुपए का नुकसान पहुंचाया गया । राजनीति में रसूख बनने से पहले गणपत सहकारी समितियों में गड़बड़ी को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। विधायक पति पर धोखाधड़ी का अपराध दर्ज होने के बाद जिले में चर्चा है।समितियों पर गड़बड़ी का शक है।बोगस खरीदी न हो इसलिए समितियों में इस बार ट्रस्टेड पर्सन यानि नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। यहां भी एक नोडल अफसर थीं। उनका नाम भी एफआईआर में है। उन्हें सस्पेंड कर दिया गया है।

जांच रिपोर्ट मिलने के बाद समिति के प्रभारी प्रबंधक खगेश जांगड़े, फड़ प्रभारी पुकराम मन कंप्यू ऑपरेटर अमन लहरे, ट्रस्टेड पर्सन नोडल अधिकारी प्रीति चंद्रा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, किसान गणपत जांगड़े, प्रभारी सुरेश भारद्वाज, बारदाना प्रभारी पंकज विष्णु भारद्वाज के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले के जांच दल में व्यास नारायण साहू सहायक आयुक्त नोडल अधिकारी, मनीष सूर्यवंशी तहसीलदार, आरके मेहर सहायक विस्तार अधिकारी,एचके चंद्राकर नोडल अधिकारी अपेक्स बैंक,विद्यानंद पटेल खाद्य निरीक्षक शामिल थीं।