सरस्वती शिशु मंदिर में जगमगाया दीपोत्सव-स्थानीय कुम्हारों का हुआ सम्मान, आत्मनिर्भर भारत का दिया संदेश

 

 

घरघोड़ा। सरस्वती शिशु मंदिर घरघोड़ा में दीपोत्सव एवं आत्मनिर्भर भारत के तहत दीप वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में रायगढ़ जिला भाजपा अध्यक्ष एवं विद्यालय समिति के वरिष्ठ सदस्य अरुणधर दीवान, विद्यालय अध्यक्ष जैनेश्वर मिश्रा, व्यवस्थापक सुनील सिंह ठाकुर, कोषाध्यक्ष संजय सिन्हा, प्राचार्य देवनारायण पटेल सहित सभी आचार्यगण एवं दीदियों की गरिमामय उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती, ॐ और भारत माता की पूजा-अर्चना से हुआ। तत्पश्चात अतिथियों का पारंपरिक तिलक लगाकर और पुष्प गुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया।इस अवसर पर दीप निर्माण कर्ता स्थानीय कुम्हारों का विशेष रूप से सम्मान किया गया। विद्यालय परिवार द्वारा कुम्हार समाज के प्रतिनिधियों को तिलक लगाकर, मिष्ठान भेंटकर उनका अभिनंदन किया गया।कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को दीप वितरण किया गया, जिससे स्थानीय उत्पादों के उपयोग और कुम्हार समाज के स्वावलंबन का संदेश प्रसारित हुआ।विद्यालय परिवार ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य स्थानीय कारीगरों का उत्थान, सम्मान एवं उनके पारंपरिक कार्यों को प्रोत्साहित करना है।