घरघोड़ा से बड़ी खबर: जय स्तंभ चौक से अंबेडकर चौक तक हटेंगे अवैध कब्जे, नगर में मुनादी के बाद मचा हड़कंप

 

रायगढ़ आवाज़ | घरघोड़ा ब्यूरो

घरघोड़ा। नगर के हृदय स्थल जय स्तंभ चौक से लेकर अंबेडकर चौक तक सड़क किनारे फैले अवैध कब्जों को हटाने प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। एसडीएम के निर्देश पर नगर पंचायत ने बीते दिन पूरे नगर में मुनादी कराई है, जिसमें कब्जाधारियों को तीन दिन के भीतर स्वयं कब्जा हटाने की चेतावनी दी गई है, अन्यथा प्रशासन जब्ती की कार्यवाही करेगा।

जानकारी के अनुसार कुछ महीने पहले नगर पंचायत व प्रशासन की टीम ने बड़ी मशक्कत के बाद चौक क्षेत्र से कई अवैध कब्जे हटाए थे। लेकिन अब फिर से सड़क किनारे ठेले, दुकानें और निर्माण शुरू हो गए हैं। इस पर नाराज अन्य दुकानदारों ने भी नगर पंचायत अधिकारी को आवेदन देकर दोबारा कब्जे हटाने की मांग की है।

नगर पंचायत अधिकारी ने बताया कि:

 “एसडीएम महोदय के आदेशानुसार कार्यवाही की जा रही है। नगर में मुनादी कराई जा चुकी है, अब लीगल नोटिस जारी किए जाएंगे।”

वहीं, नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी ने कहा:

 “कार्यवाही एसडीएम साहब के निर्देशानुसार हो रही है। अगर सभी अतिक्रमणों पर बिना भेदभाव कार्रवाई होगी तो हम भी साथ हैं। लेकिन अगर गरीबों के ठेले-गुमटी हटाकर बड़े लोगों के कब्जे को छोड़ा जाएगा, तो इसका विरोध किया जाएगा। प्रशासन को पहले वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराना चाहिए।”

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की कार्रवाई सिर्फ छोटे दुकानदारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। चौक से धरमजयगढ़ रोड, नवापारा चौक और अन्य स्थानों पर भी बड़े-बड़े लोगों के कब्जे हैं। कई ने तो दुकानें किराए पर देकर मोटी कमाई का जरिया बना लिया है, जबकि रोजी-रोटी कमाने वाले गरीबों के ठेले ही निशाने पर हैं।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन की आगामी कार्यवाही में वास्तव में समानता बरती जाती है या फिर गरीबों पर ही बुलडोज़र चलता है।