पारंपरिक खेलों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा आयोजन
घरघोड़ा विकासखंड के वनांचल क्षेत्र पोरडा अंतर्गत संकुल पोरडा में अवस्थित 9 प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं के छात्र-छात्राओं के लिए 19 से 21 दिसंबर 2024 तक तीन दिवसीय बाल क्रीड़ा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस महोत्सव में खो-खो, कबड्डी, बॉल फेंक, पिठ्ठूल, और फुगड़ी जैसे छत्तीसगढ़ की माटी से जुड़े पारंपरिक खेलों में विद्यार्थियों ने अपने अद्वितीय कौशल और उत्साह का प्रदर्शन किया। विशेष रूप से छात्राओं ने अपनी भागीदारी से इस आयोजन को और अधिक प्रभावशाली बना दिया।
अंतिम दिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समा
महोत्सव के अंतिम दिवस पर आयोजित फाइनल मुकाबलों के पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने संपूर्ण वातावरण को उल्लासमय बना दिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग एवं मनोहारी कार्यक्रमों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की झलक इन प्रस्तुतियों में सजीव हो उठी, जिसने दर्शकों के हृदयों को गहराई तक प्रभावित किया।
विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने हेतु एसईसीएल के उप-क्षेत्रीय प्रबंधक श्री अरविंद रॉय एवं श्री गोविंद सर ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने अपने करकमलों से विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका मनोबल ऊंचा किया।
इस आयोजन की सफलतापूर्वक सम्पन्नता में संकुल पोरडा अंतर्गत सभी विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं, ग्राम पंचायत पोरडा, बरौद, एवं कुर्मिभौना के प्रमुखों सहित ग्रामवासियों का अद्वितीय योगदान रहा। यह आयोजन विद्यार्थियों के जीवन में एक अविस्मरणीय अनुभव के रूप में अंकित हो गया।





