घरघोड़ा-बच्चों के भोजन में कीड़ा मिलने के बाद भी नहीं सुधरा स्कूल,अब डीईओ ने दी कड़ी फटकार

 

फगुरम पीएम श्री स्कूल में भारी अनियमितता उजागर — डीईओ ने दिए कार्रवाई के निर्देश

“सेटिंग” से दबा पिछला मामला, अब दोबारा खुली फगुरम स्कूल की लापरवाही की फाइल

डीईओ निरीक्षण में फगुरम स्कूल की हालत देख भड़के अधिकारी -दोनों प्रधान पाठकों को नोटिस

 

घरघोड़ा।गत दिवस जिला शिक्षा अधिकारी रायगढ़ राव, जिला मिशन समन्वयक रायगढ़, सहायक कार्यक्रम समन्वय रायगढ़ और विकासखंड शिक्षा अधिकारी घरघोड़ा के नेतृत्व में संयुक्त निरीक्षण दल अचानक पीएम श्री विद्यालय प्राथमिक शाला फगुरम और माध्यमिक शाला फगुरम पहुंचा। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में भारी अव्यवस्था, दस्तावेजों में गड़बड़ी और वित्तीय अनियमितता के प्रमाण सामने आए।

Beo घरघोड़ा-निरीक्षण के समय डीईओ राव ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए दोनों प्रधान पाठकों पर अनुशासनात्मक कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। विद्यालयों के दस्तावेज जब्त कर जांच के लिए जिला शिक्षा कार्यालय भेजे गए हैं। वहीं दोनों विद्यालयों के पूरे स्टाफ और सीएसी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है तथा दोनों प्रधान पाठकों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही हेतु प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।

गौरतलब है कि इसी विद्यालय में माह भर पूर्व बच्चों के मध्यान भोजन में कीड़ा मिलने की घटना सामने आई थी, जिस पर नोटिस तो जारी किया गया था, परंतु उस समय आपसी सेटिंग के चलते मामला दबा दिया गया था और किसी प्रकार की ठोस कार्यवाही नहीं की गई थी। अब एक बार फिर गंभीर लापरवाही और अनियमितता उजागर होने से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।