घरघोड़ा:SDM की त्वरित कार्यवाही- शासकीय भूमि से हटाया अवैध कब्जा

 

 

 

भालूमार में प्रशासनिक टीम ने किया बाउंड्री जमींदोज, ग्रामीणों ने जताई खुशी

घरघोड़ा। तहसील के ग्राम भालूमार की शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर SDM (IAS) दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कब्जा मुक्त कराया। दीपावली के पूर्व ग्राम सरपंच श्रीमती रूपा बाई राठिया, उप सरपंच डोल कृष्ण पटेल, पटेल प्रकाश कुमार पंडा, पूर्व उपसरपंच राजेश देवता, पुरुषोत्तम पटेल एवं ग्राम चौकीदार सहित ग्रामीणों ने संयुक्त आवेदन देकर शासकीय भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराने की मांग की थी।

SDM के निर्देश पर नायब तहसीलदार श्री पैंकरा ने जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें अवैध कब्जा पाया गया। कब्जाधारी श्रीमती निशा पटेल पति कन्हैया पटेल को नोटिस देकर कब्जा हटाने कहा गया, परंतु पालन नहीं करने पर 24 अक्टूबर 2025 को प्रशासनिक टीम ने ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में बलपूर्वक कार्रवाई कर बाउंड्रीवाल जमींदोज करते हुए भूमि को मुक्त कराया।

ग्रामीणों ने बताया कि उक्त भूमि खसरा नंबर 122/1 में स्थित है, जिसमें 15 फीट चौड़ा सार्वजनिक रास्ता भी शामिल है। कब्जाधारी द्वारा इस रास्ते को तार बाड़ लगाकर बंद कर दिया गया था, जिससे आवागमन बाधित हो गया था। प्रशासन की कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और SDM की संवेदनशीलता व त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

बताया जा रहा है कि श्रीमती निशा पटेल एवं उनके पति कन्हैया पटेल के खिलाफ अन्य विवादित मामले भी विभिन्न न्यायालयों एवं राजस्व कार्यालयों में लंबित हैं। पूर्व में भी ग्राम पेलमा में भूमि हड़पने के प्रयास का मामला तहसीलदार तमनार के समक्ष पंजीबद्ध है।

प्रशासन द्वारा की गई इस निर्णायक कार्रवाई से क्षेत्र में यह संदेश गया है कि शासकीय भूमि पर कब्जा करने वालों के विरुद्ध अब सख्त रुख अपनाया जाएगा।