सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घरघोड़ा में शनिवार को शिशु संरक्षण माह अभियान का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.आर. पैंकरा की अगुवाई में आयोजित हुआ ।शुभारंभ अवसर पर बीईटीओ विनोद एक्का,पर्यवेक्षक रोहित कुमार डनसेना, वैक्सीन हैंडलरश्रीमती पुष्पलता नायर, एचओ कुमार सिंह सिदार,श्रीमती नमिता बोहिदार, गोपीराम राठिया, एनएचएम कर्मी, एमपीडब्ल्यू, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, गर्भवती और शिशुवती माताएं तथा 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अभियान 30 अगस्त 2025 से 30 सितंबर 2025 तक चलाया जाएगा। इस अवधि में प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक आंगनबाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में बच्चों को औषधि दी जाएगी। इसके लिए ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक और मितानिनों को दवा पिलाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में आंख से संबंधित रोग जैसे मोतियाबिंद और रतौंधी को रोकना तथा खून की कमी की समस्या को दूर करना है। अभियान के तहत 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ए सिरप और 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को आयरन फोलिक एसिड सिरप पिलाया जाएगा। साथ ही बच्चों के पोषण स्तर की जांच के लिए उनका वजन लिया जाएगा और अभिभावकों को संतुलित आहार की जानकारी दी जाएगी।
अभियान के दौरान अति गंभीर कुपोषित बच्चों को चिन्हांकित कर पोषण पुनर्वास केंद्रों में भर्ती कराया जाएगा। वहीं, गर्भवती माताओं की जांच कर उन्हें स्तनपान, पोषण आहार और शिशु देखभाल के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। अधिकारियों ने अपील की कि सभी माताएं और पालक इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें, ताकि क्षेत्र के बच्चों को कुपोषण और बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।





