युवा प्रत्याशी शैली दास का जनसेवा का संकल्प
नई ऊर्जा के साथ राजनीति में दस्तक
घरघोड़ा नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 13 में इस बार चुनावी माहौल कुछ अलग ही नजर आ रहा है। MBA डिग्रीधारी और युवा प्रत्याशी शैली दास (रुपाली) ‘नेता नहीं, बेटी चुनो’ के नारे के साथ राजनीति में नई सोच लेकर उतरी हैं। वार्ड में ही पली-बढ़ी शैली न केवल क्षेत्र की समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं, बल्कि उनके समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना भी लेकर आई हैं। जनता से सीधे संवाद और हर घर तक अपनी पहुंच बनाने की कोशिश में वह निरंतर सक्रिय हैं।
जनता से सीधा जुड़ाव, विकास की नई परिभाषा
शैली दास का कहना है कि वह पारंपरिक नेतागिरी के लिए नहीं, बल्कि वार्ड के प्रत्येक नागरिक को उसके अधिकार दिलाने और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने के इरादे से चुनावी मैदान में हैं। उनका फोकस केवल वादों पर नहीं, बल्कि जमीनी बदलाव लाने पर है। स्वच्छता, जल निकासी, सड़क, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण जैसे मुद्दों को लेकर उनकी स्पष्ट नीति है। युवा होते हुए भी उनके विचार परिपक्व हैं और वे प्रशासनिक कार्यशैली को समझते हुए व्यावहारिक समाधान देने की दिशा में प्रयासरत हैं।
युवा शक्ति का समर्थन, बदलाव की उम्मीद
शैली की उम्मीदवारी को वार्ड के युवाओं और महिलाओं का व्यापक समर्थन मिलता दिख रहा है। उनकी नई सोच और ठोस विजन मतदाताओं को प्रभावित कर रहा है। वह घर-घर जाकर अपने विचार साझा कर रही हैं और मतदाताओं को यह भरोसा दिला रही हैं कि यदि उन्हें मौका मिला, तो वह राजनीति को सेवा का माध्यम बनाकर वार्ड के विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी। उनके समर्पण और स्पष्ट दृष्टिकोण के चलते वार्ड 13 का चुनाव दिलचस्प मोड़ लेता नजर आ रहा है





