रायगढ़ में कई जगह खाद की समस्या बनी हुई है। ऐसे में गुरुवार को किसानों ने खाद की मांग को लेकर विरोध जताया।खरसिया कांग्रेस के पदाधिकारियों ने समर्थन किया। ऐसे में कांग्रेस कार्यालय से रैली निकालकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया। साथ ही 5 दिन के भीतर खाद की किल्लत दूर करने की मांग की।गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान मदनपुर कांग्रेस भवन में इकट्ठा होकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाए। किसानों का कहना है कि वे कई दफे सहकारी समितियों और कृषि विभाग के अधिकारियों से खाद के लिए संपर्क कर चुके हैं, लेकिन उसके बाद भी उनकी खाद की समस्या दूर नहीं हो पा रही है।सुरक्षा घेरा तोड़कर तहसील पहुंचे कार्यकर्ता रैली निकालकर किसान और कांग्रेसी तहसील कार्यालय पहुंचे।जहां सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए तहसील कार्यालय के गेट पर बैरिकेडिंग की गई थी। लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए तहसील ऑफिस के अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद कार्यालय के सामने बैठकर जमकर नारेबाजी करते रहे।
ज्ञापन सौंपकर खाद उपलब्ध कराने की मांग
साथ ही पांच दिनों के अंदर खाद आपूर्ति और खाद वितरण प्रणाली को सुरक्षित करने और किसानों को शत प्रतिशत खाद उपलब्ध कराने की मांग की गई। पूर्व मंत्री और खरसिया विधायक उमेश पटेल के नेतृत्व में एसडीएम प्रवीण तिवारी को ज्ञापन सौंप कर खाद की समस्या दूर करने की मांग की है।
खरसिया विधायक उमेश पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार जानबूझ कर किसानों को कमजोर कर रही है। पड़ोसी राज्य ओडिशा में भी BJP की सरकार है, लेकिन वहां खाद की कोई कमी नहीं है।छत्तीसगढ़ में किसान खाद के लिए परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चाहती है कि प्रदेश के किसानों की धान की उपज कम हो ताकि उन्हें कम से कम धान खरीदी करना पड़े।
पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध हो जाएगा
खरसिया SDM प्रवीण तिवारी ने कहा कि खाद की आपूर्ति को लेकर कुछ समस्याएं जरूर है, लेकिन जल्द ही इसका समाधान निकाल लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध करा दी जाएगी। ताकि किसानों को कोई समस्या न हो।





