रायगढ़ में एयरपोर्ट निर्माण को लेकर सांसद राधेश्याम राठिया ने की केंद्रीय मंत्री से मुलाकात

रायगढ़ में एयरपोर्ट निर्माण को लेकर सांसद राधेश्याम 

 रायगढ़ -लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने 28 जुलाई 2025 को भारत सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्री श्री किन्नाराम राममोहन नायडू से मुलाकात की और रायगढ़ में प्रस्तावित एयरपोर्ट निर्माण को लेकर एक पूर्व प्रेषित पत्र के संबंध में चर्चा की।

सांसद राठिया ने मंत्री नायडू को अवगत कराया कि रायगढ़ क्षेत्र में औद्योगिक और आर्थिक विकास की संभावनाओं को देखते हुए एयरपोर्ट निर्माण अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना वर्ष 2011 में प्रस्तावित की गई थी, लेकिन विभिन्न कारणों से अब तक क्रियान्वित नहीं हो पाई है। इस विषय में राज्य सरकार द्वारा पुनः भूमि चिन्हांकन एवं सर्वे आदि की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

उन्होंने सुझाव दिया कि रायगढ़ के कोड़ातराई गांव के समीप लगभग 90 हेक्टेयर भूमि उपलब्ध है, जो कि एयरपोर्ट निर्माण के लिए उपयुक्त स्थान है। रायगढ़ से झारसुगुड़ा (ओडिशा) एयरपोर्ट की दूरी लगभग 125 किलोमीटर और बिलासपुर एयरपोर्ट की दूरी लगभग 150 किलोमीटर है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में असुविधा होती है।सांसद ने मंत्री से आग्रह किया कि एयरपोर्ट निर्माण की दिशा में भारत सरकार शीघ्र पहल करे ताकि इस क्षेत्र में निवेश, उद्योग, रोजगार और यात्री सुविधा का मार्ग प्रशस्त हो सके।