आकस्मिक निरीक्षण स्कूल खुलने के समय पर होगा…
विद्यालयों में समय पालन पर सख्ती: निरीक्षण के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी ने दिए सख्त निर्देश
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने जिले के सभी विद्यालयों में समयपालन और शिक्षण गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। हाल ही में कार्यालय के संज्ञान में यह बात आई है कि कई विद्यालय समय पर संचालन नहीं कर रहे हैं, जिससे शैक्षिक गुणवत्ता पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, संकुल प्राचार्यों और शैक्षिक समन्वयकों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करें। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों की उपस्थिति, शिक्षण गतिविधियों की गुणवत्ता और समयपालन की सख्ती से जांच की जाएगी।
साप्ताहिक निरीक्षण रिपोर्ट अनिवार्य
सभी अधिकारियों से कहा गया है कि वे प्रत्येक सप्ताह निरीक्षण रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करें। निरीक्षण में यदि किसी विद्यालय में अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित विद्यालय और उसके प्रशासन के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
तत्काल प्रभाव से लागू निर्देश
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि ये निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी विद्यालय तय समय पर संचालित हों और शैक्षणिक गतिविधियों में किसी भी प्रकार की कमी न हो। इस कदम को शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में एक अहम प्रयास माना जा रहा है। जिलावासी भी इस निर्णय का स्वागत कर रहे हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि इससे विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा प्राप्त होगी।





