छत्तीसगढ़ में स्कूल प्रिंसिपल और शिक्षक ने किया नाबालिग से दुष्कर्म

 

 

जनकपुर: शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करते हुए मनेंद्रगढ़ जिले के जनकपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। एक सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल, दो शिक्षकों और वन विभाग के कर्मचारी ने 11वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीनों शिक्षकों को हिरासत में ले लिया है।

घटना का विवरण

पुलिस के अनुसार, प्रिंसिपल अशोक कुमार, शिक्षक कुशल सिंह परिहार और रविंद्र कुशवाहा ने एक वन विभाग के कर्मचारी के साथ मिलकर छात्रा को जनकपुर के आदर्श कॉलोनी स्थित एक किराए के मकान में ले जाकर अपनी हवस का शिकार बनाया। आरोपियों ने अपराध के दौरान नाबालिग का वीडियो भी बनाया और घटना का जिक्र करने पर वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी।

पीड़िता की हिम्मत से खुला मामला

डरी-सहमी छात्रा कुछ दिनों तक चुप रही, लेकिन आखिरकार उसने अपने परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद, परिजन पीड़िता को लेकर जनकपुर थाने पहुंचे और घटना की शिकायत दर्ज करवाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया।

पुलिस जांच जारी

जनकपुर थाना प्रभारी ने बताया कि “तीनों आरोपी शिक्षक और वन कर्मी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। घटना की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है। पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है और उसे काउंसलिंग की भी व्यवस्था की गई है।”