रायगढ़ जिले में जिंदल परिसर के गेट नंबर-2 स्थित इंडियन गैस एजेंसी में घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के स्टॉक व वितरण में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है।
खाद्य विभाग की जांच में 816 सिलेंडर (633 घरेलू भरे + 56 व्यावसायिक भरे + 127 खाली) स्टॉक से कम पाए गए, जिनकी कीमत लगभग 10.72 लाख रुपये आंकी गई।
जांच में यह भी पाया गया कि कई उपभोक्ताओं ने रिफिल बुकिंग करवाई, इनवॉइस भी जनरेट हुए, लेकिन सिलेंडर डिलीवरी नहीं हुई। रिकॉर्ड में वितरण दिखाया जाता रहा, जबकि उपभोक्ता इंतजार करते रहे। कुल 1,878 उपभोक्ता ऐसे मिले। नए कनेक्शन के मामलों में भी बिना सिलेंडर दिए ऑनलाइन डिलीवरी दर्ज कर दी गई।
गोदाम में सुरक्षा व्यवस्था भी बेहद खराब मिली।
इस पर कोतरा रोड थाने में द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश, 2000 के उल्लंघन में एजेंसी प्रभारी टीकाराम पटेल, गोदाम प्रभारी भजराम धोबी, कंप्यूटर ऑपरेटर चेतन बरठ और आशीष गेरा समेत 4 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।





