छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के बिजना में दो बाइकों के बीच टक्कर हो गई। हादसे में ढाई साल के मासूम की मौत हो गई और उसका दादा समेत 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना तमनार थाना क्षेत्र की है।जानकारी के मुताबिक ग्राम बिजना निवासी पूर्णचंद सिदार शनिवार को अपने ढाई साल के पोते अंशु सिदार को मोटरसाइकिल पर बैठाकर कुछ काम के लिए खुरुशलेंगा की ओर जा रहा था।तभी गांव से कुछ ही दूरी पर पहुंचे थे कि खुरुशलेंगा की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक सवार नाबालिग ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दिया। नाबालिग के साथ उसका दोस्त भी बाइक पर सवार था।
घटना से अंशु सिदार के सिर और शरीर के अन्य हिस्से में चोट पहुंची। साथ ही उसके दादा पूर्णचंद और नाबालिग दोनों को भी गंभीर चोट आई। आसपास के लोगों ने मामले की सूचना उनके परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल घायलों को इलाज के लिए तमनार स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया।
रायगढ़ ले जाते समय में मासूम ने तोड़ा दम
घायलों की स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। रायगढ़ ले जाते समय अंशु ने दम तोड़ दिया। वहीं घायलों का इलाज जारी है। घटना के बाद मामले की सूचना पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।





