एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने 15000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार

कोंडागांव भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी-ईओडब्ल्यू की मुहिम के तहत एक और बड़ी कार्रवाई सामने आई है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने शुक्रवार को कोंडागांव जिले में नायब तहसीलदार दिनेश सिंह ठाकुर को 15,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। जानकारी के मुताबिक, राधाकृष्ण देवांगन नामक व्यक्ति ने अपनी जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराने के लिए तहसील कार्यालय में आवेदन दिया था लेकिन इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए नायब तहसीलदार ने 15 हजार रुपये की मांग की।

शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना तत्काल एसीबी को दी। एसीबी ने पहले शिकायत की पुष्टि की, फिर योजना बनाकर जाल बिछाया और शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए नायब तहसीलदार ठाकुर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ धर दबोचा। फिलहाल आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

एसीबी सूत्रों के अनुसार, उसके कार्यालय और निवास पर भी तलाशी की जा सकती है। इस कार्रवाई से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है। ACB की टीम ने दो टूक कहा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।