तहसील के ग्राम भालूमार में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर ग्रामीणों ने तहसीलदार से शिकायत करते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की है। ग्राम पटेल प्रकाश कुमार पंडा, पूर्व उपसरपंच राजेश देवता, उपसरपंच डोल कृष्ण पटेल, कार्तिक राम पटेल सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि बजरमुड़ा निवासी निशा पटेल पति कन्हैया पटेल द्वारा हाल ही में सरोज पंडा पिता अर्जुन पंडा की निजी भूमि खरीदी गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि खरीदी गई भूमि के साथ-साथ निशा पटेल द्वारा 15 फीट चौड़े सार्वजनिक रास्ते सहित बड़ी मात्रा में शासकीय भूमि पर भी परमानेंट तार से घेराव कर कब्जा कर लिया गया है। इससे ग्रामीणों के लिए गांव से घरघोड़ा की ओर जाने वाला पारंपरिक रास्ता पूरी तरह बाधित हो गया है, जिससे आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में पंचनामा और सीमांकन के दौरान राजस्व अधिकारियों ने भी स्पष्ट किया था कि निशा पटेल द्वारा शासकीय भूमि और रास्ते पर अतिक्रमण किया गया है। इसके बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया। शिकायत के बाद पटवारी और राजस्व अमला मौके पर पहुंचा और पंचनामा तैयार किया, जिसमें यह पुष्टि हुई कि कब्जा की गई भूमि अब भी शासकीय मद में दर्ज है और पूरी जमीन बाउंड्रीवॉल के भीतर घेर ली गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल अवैध कब्जा हटाकर रास्ता और शासकीय भूमि मुक्त कराने की मांग की है, ताकि लोगों को आवागमन में राहत मिल सके।





