घरघोड़ा में बेखौफ चोरों का आतंक! बीजेपी पार्षद के घर से ट्रैक्टर चोरी, CCTV में कैद:पुलिस पेट्रोलिंग पर उठे गंभीर सवाल

घरघोड़ा नगर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब जनप्रतिनिधि भी सुरक्षित नहीं रहे। बीजेपी पार्षद यश सिंह के घर के बाहर खड़ा ट्रैक्टर अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिया। यह सनसनीखेज घटना 27 जनवरी की रात की बताई जा रही है।

 

बताया जा रहा है कि चोरी की पूरी वारदात स्थानीय क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें चोर बेखौफ अंदाज में ट्रैक्टर ले जाते नजर आ रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित पार्षद द्वारा 28 जनवरी को घरघोड़ा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।

गौरतलब है कि घरघोड़ा में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से आम नागरिकों में दहशत का माहौल है। दुकानों, घरों और अब जनप्रतिनिधियों के यहां चोरी की वारदातें सामने आने के बावजूद पुलिस पेट्रोलिंग की प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो चोरों के हौसले और बढ़ेंगे। अब देखना यह है कि CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस कितनी जल्दी चोरों तक पहुंच पाती है, या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।