समारुमा जंगल क्षेत्र में मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब करीब 50 हाथियों का झुंड मेन रोड पर आ गया। हाथियों के सड़क पर डेरा जमाने से करीब 20 मिनट से अधिक समय तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। हाथियों के गुजरने तक सड़क के दोनों ओर वाहनों को रोक दिया गया।
हाथियों के झुंड को देखने के लिए सड़क पर बड़ी संख्या में लोग भी जुट गए। देखते ही देखते दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, वाहनों की कतार 3 किलोमीटर से भी ज्यादा लंबी हो गई थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तमनार वन विभाग और पूंजीपथरा पुलिस मौके पर पहुंची और मोर्चा संभाला। पुलिस और वन अमले ने लोगों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा सड़क पर अनावश्यक भीड़ न लगाने की समझाइश दी।
हाथियों के जंगल की ओर बढ़ने के बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल हुआ। इस दौरान सड़क पर मौजूद लोगों के लिए हाथियों का इतना बड़ा झुंड कौतूहल का विषय बना रहा, वहीं वन विभाग और पुलिस की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए रही।





