घरघोड़ा। शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसरों से युवाओं को जोड़ने के उद्देश्य से आइसेक्ट (AISECT) की ‘कौशल विकास यात्रा-2026’ 9 अक्टूबर को घरघोड़ा पहुंचेगी। यात्रा का आयोजन ‘समर्थ भारत-सक्षम भारत’ अभियान के तहत किया जा रहा है। घरघोड़ा में इसका आयोजन आइसेक्ट से मान्यता प्राप्त AiiT कॉलेज, हुक्मी कॉलोनी में होगा।
इस अवसर पर विद्यार्थियों, युवाओं, शिक्षकों और नगर के नागरिकों के लिए विशेष सेमिनार एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में आधुनिक तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास, करियर विकल्प, रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बढ़ती उपयोगिता को लेकर जानकारी दी जाएगी।
आइसेक्ट द्वारा यह देशव्यापी कौशल विकास यात्रा 5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक आयोजित की जा रही है। अभियान के तहत देश के 20 राज्यों के 300 जिलों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। यात्रा के दौरान 500 से अधिक स्कूल-कॉलेज एवं शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों से संपर्क तथा 1000 से अधिक स्किल नॉलेज प्रोवाइडर्स और प्रशिक्षण केंद्रों के साथ समन्वय की योजना है।
AI लिटरेसी पर रहेगा खास जोर
इस वर्ष कौशल विकास यात्रा में AI लिटरेसी मिशन को विशेष महत्व दिया गया है। बदलते दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, व्यवसाय और रोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों और युवाओं को AI सहित आधुनिक तकनीकों की जानकारी देकर उन्हें भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने पर जोर दिया जाएगा।
यात्रा के समन्वयक आइसेक्ट के क्षेत्रीय प्रबंधक सचिन जैन द्वारा विद्यार्थियों, युवाओं एवं शिक्षकों को कौशल विकास, नई शिक्षा नीति, आधुनिक तकनीकी शिक्षा और करियर के अवसरों की जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को करियर काउंसलिंग, शैक्षणिक प्रस्तुतियों, जागरूकता सामग्री और पंजीयन के माध्यम से विभिन्न प्रशिक्षण एवं कौशल विकास अवसरों से जोड़ा जाएगा। वहीं घरघोड़ा के AiiT कॉलेज द्वारा युवाओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा एवं रोजगारपरक कौशल से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी जाएगी।
आयोजकों का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य शहरी ही नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों तक भी शिक्षा, करियर मार्गदर्शन और कौशल आधारित प्रशिक्षण के अवसर पहुंचाना है, ताकि युवा बदलते रोजगार बाजार की जरूरतों के अनुरूप खुद को तैयार कर सकें।





