रायगढ़। जिले के पुसौर थाना क्षेत्र से साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ग्राम जतरी निवासी गरुड़ सिंह पटेल (72 वर्ष), जो रिटायर्ड शिक्षक हैं, उनसे 23 लाख रुपए से अधिक की ठगी की गई है। ठग ने खुद को CBI अधिकारी बताकर बैंक खाते की जांच के नाम पर यह रकम अलग-अलग खातों में जमा कराई।
जानकारी के अनुसार, 10 अक्टूबर को गरुड़ सिंह पटेल को एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को CBI अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके नाम पर मुंबई में एक बैंक खाता खोला गया है, जो मनी लॉन्ड्रिंग मामले में शामिल है। ठग ने उन्हें जांच में सहयोग करने और किसी को भी इस बारे में जानकारी न देने की हिदायत दी। साथ ही धमकी दी कि अगर बात फैली तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ठग के झांसे में आकर गरुड़ सिंह पटेल ने 10 से 29 अक्टूबर के बीच 12 किस्तों में कुल 23 लाख 28 हजार 770 रुपए भेज दिए। रकम यूपीआई, पेटीएम और आरटीजीएस के माध्यम से ठग द्वारा बताए गए खातों में ट्रांसफर की गई।
बाद में जब ठग वॉट्सऐप पर लगातार CBI जांच और गिरफ्तारी का डर दिखाता रहा, तब गरुड़ सिंह को शक हुआ। उन्होंने 30 अक्टूबर को पूरी जानकारी अपने बेटे सुदर्शन सिंह पटेल, जो जशपुर जिले के बगीचा में शिक्षा विभाग में पदस्थ हैं, को दी।
परिवार की समझाइश के बाद पीड़ित ने साइबर विभाग और पुसौर थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 66D-LCG और 318(4)-BNS के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





