घरघोड़ा:पार्षद अनिल लकड़ा ने निष्कासन को बताया असंवैधानिक, पार्टी से न्याय की लगाई गुहार

घरघोड़ा -वार्ड क्रमांक 05 के पार्षद अनिल लकड़ा ने पार्टी संगठन द्वारा बिना किसी ठोस प्रमाण के निष्कासन की कार्यवाही को पार्टी संविधान के विपरीत बताया है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व को पत्र लिखकर निष्कासन के फैसले को गलत ठहराते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा निष्पक्ष और निष्ठापूर्वक कार्य किया है तथा पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी को ही मतदान किया था।

अनिल लकड़ा ने कहा कि उनकी छवि बेदाग रही है, उन्होंने आरोप लगाया कि उनके निष्कासन से उनकी छवि को धूमिल करने की कोशिश की गई है।

“पार्टी के खिलाफ कोई कार्य नहीं किया-अनिल”

अनिल लकड़ा ने कहा, “मेरे द्वारा क्रॉस वोटिंग किए जाने का कोई प्रमाण नहीं हैं, न ही मैंने पार्टी के खिलाफ कोई कार्य किया है। लेकिन कुछ नेता निजी स्वार्थ हेतु अपनी हार का ठीकरा मुझ पर फोड़कर प्रदेश नेतृत्व को गुमराह कर रहे हैं।

उन्होंने पार्टी नेतृत्व से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि उन्हें अपनी बेगुनाही साबित करने का अवसर दिया जाए ताकि पार्टी का उन पर विश्वास बना रहे। पार्षद ने संगठन से अपील की है कि पार्टी संविधान के अनुसार न्यायसंगत निर्णय लिया जाए।

“निष्कासन की हो जांच”

अनिल ने प्रदेश नेतृत्व से अपील की कि उनके निष्कासन की निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने कहा, “मैं शुरू से बीजेपी के सिद्धांतों और रीति-नीति के साथ काम करता आया हूँ। लेकिन बिना किसी प्रमाण के लिया गया यह फैसला बेहद निराशाजनक है।”