घरघोड़ा।नगर के व्यस्त चौक-चौराहे पर स्थित दुर्गा मेडिकल में बीती रात करीब 3 बजे चोरों ने शटर का लॉक तोड़कर दुकान में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें चोर बेखौफ होकर चोरी करते नजर आ रहे हैं।
चोरों के हाथ गले में रखे कुछ हजार रुपये ही लगे, लेकिन जिस तरह से मुख्य चौक पर स्थित मेडिकल दुकान को निशाना बनाया गया, वह चोरों की बढ़ती हिम्मत और पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचित किया गया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज के आधार पर जांच में जुट गई है। आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में घटना के बाद दहशत का माहौल है।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि यदि चौक-चौराहों पर नियमित पेट्रोलिंग होती, तो शायद चोर इतनी आसानी से वारदात को अंजाम नहीं दे पाते। अब सवाल यह उठता है कि जब मुख्य चौक सुरक्षित नहीं, तो गलियों और मोहल्लों की सुरक्षा का क्या हाल होगा?
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने घरघोड़ा पुलिस की रात्रिकालीन पेट्रोलिंग व्यवस्था पर भी प्रश्नचिन्ह लगा दिया है। पुलिस के सामने अब चुनौती है कि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर नगरवासियों में सुरक्षा का भरोसा बहाल किया जाए।





