घरघोड़ा में नियमों को ताक पर रखकर ट्रांसफार्मर स्थापना, शिकायत के बाद मचा हड़कंप

घरघोड़ा विकासखंड अंतर्गत कृषि भूमि पर बिना वैध डायवर्जन के विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में वार्ड क्रमांक 05 निवासी सतबीर सिंह ने कार्यपालन अभियंता, विद्युत विभाग को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की जांच और ट्रांसफार्मर हटाने की मांग की है।
शिकायत में उल्लेख है कि ग्राम नावापड़ा घरघोड़ा खसरा नंबर 1/5 रकबा 0.1120 हेक्टेयर ( देवेंद्र सिंह भाटिया पिता धर्मेंद्र सिंह भाटिया )कृषि भूमि है, जिस पर बिना वैध अनुमति के विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा सांठ-गांठ कर ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया। बताया गया कि उक्त भूमि पर प्लाई उद्योग निर्माण की तैयारी की जा रही है, जबकि भूमि का डायवर्जन नहीं किया गया है।
आवेदक के अनुसार यह भूमि वार्ड क्रमांक 07 में स्थित है, जहां पहले से ही लगभग 15 आवासीय मकान मौजूद हैं। इसके अलावा उक्त भूमि को लेकर मामला न्यायालय में लंबित है और न्यायालय द्वारा स्टे आदेश भी जारी किया गया है। इसके बावजूद विद्युत विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर लगाए जाने पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
शिकायतकर्ता ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, अवैध रूप से लगाए गए ट्रांसफार्मर को तत्काल हटाया जाए तथा संबंधित विद्युत अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
इस मामले की प्रतिलिपि अनुविभागीय अधिकारी धरघोड़ा, माननीय वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी एवं कलेक्टर रायगढ़ को भी भेजी गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले पर क्या कार्रवाई करता है।





