पंडरीपानी प्राथमिक स्कूल:दो बच्चों ने 5 साल के बच्चे की जान बचाई,कलेक्टर ने किया सम्मानित

रायगढ़ जिले में बारिश के दौरान दो बच्चों ने 5 साल के बच्चे की जान बचाई थी। बच्चा नाले के तेज बहाव में डूब रहा था, तभी दोनों ने बिना डरे नाले में कूदकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला। उनकी इस बहादुरी के लिए कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने उन्हें सम्मानित किया।घटना 24 सितंबर की है। पंडरीपानी प्राथमिक स्कूल के पास बारिश के कारण बालसमुंद नाले में पानी भर गया था। इस दौरान खेलते-खेलते 5 वर्षीय दादू मिंज नाले में गिर गया और बहाव में बहने लगा। मौके पर मौजूद राकेश मिंज और आर्यन खेस ने यह देखा और तुरंत नाले में कूदकर उसे बाहर निकाल लिया।दोनों बच्चों ने दादू को प्राथमिक उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जिससे उसकी जान बच गई। आज (मंगलवार) महिला और बाल विकास विभाग के अधिकारी और स्कूल के प्रधान पाठक दोनों बच्चों को कलेक्टर से मुलाकात कराने लेकर पहुंचे। कलेक्टर ने उनसे भेंट कर उनकी बहादुरी की सराहना की और कहा कि ऐसे बच्चे हमारे समाज के लिए प्रेरणा हैं।

इस दौरान कलेक्टर ने बातचीत करते हुए जब बच्चों से पूछा कि उन्हें क्या चाहिए, तो उन्होंने चॉकलेट मांगी। कलेक्टर ने कुछ मांगने कहा, तो बच्चों ने साइकिल की मांग की।कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को बच्चों को साइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने दोनों बच्चों के नाम राज्य वीरता पुरस्कार के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारी को दिए।