रायगढ़| सरस्वती साइकिल योजना अंतर्गत धरमजयगढ़ ब्लॉक के शासकीय हाईस्कूल सिथरा में लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने 24 छात्राओं को साइकिल का वितरण किया। सांसद राठिया ने छात्राओं को मेहनत, निष्ठा और ईमानदारी के साथ अध्ययन करते हुए जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह साधन है जो ग्रामीण अंचल की बेटियों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाता है। उन्होंने उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे समाज और देश का नाम रोशन करें। विद्यालय परिवार विद्यार्थियों की मांग पर सांसद राठिया ने विद्यालय परिसर में साइकिल स्टैण्ड निर्माण के लिए 3 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की। बालिकाओं ने साइकिल प्राप्त कर सांसद का आभार व्यक्त किया और बेहतर भविष्य के सपनों को साकार करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर रवि नारायण राठिया, तारा सिंह राठिया, भरत साहू, महेश चैनानी, नगर पंचायत उपाध्यक्ष जगन्नाथ यादव, संजय गुप्ता, रामानंद राठिया आदि उपस्थित थे।





