पिछले एक सप्ताह में 7 दुकानों में चोरी, कई पुराने मामलों में FIR और रसीद नहीं मिलने की शिकायत-थाने से चंद कदम दूर भी चोरों ने दिया वारदात को अंजाम
घरघोड़ा। नगर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने व्यापारियों और आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले एक सप्ताह के भीतर करीब 7 दुकानों में चोरी की घटनाएं सामने आई हैं, जबकि पिछले एक-दो महीनों के दौरान भी कई घरों और दुकानों को चोर निशाना बना चुके हैं।
स्थानीय स्तर पर जिन स्थानों पर चोरी की घटनाएं महीने दो महीने मे होने की जानकारी सामने आई है, उनमें दुर्गा मेडिकल, गुप्ता मेडिकल, मुक्ति धाम के पीछे गोस्वामी घर, बबलू क्लॉथ स्टोर, नावापाड़ा का पान ठेला, घरघोड़ी में सूरज भगत का घर, गैस एजेंसी, परिदर्शी स्टोर, शर्मा रेस्टोरेंट, संतोष किराना स्टोर और मामराज किराना स्टोर शामिल बताए जा रहे हैं।
सबसे गंभीर बात यह है कि बीती रात थाने से महज 5-10 मीटर की दूरी पर स्थित एक दुकान में चोर छत के रास्ते दाखिल हुए और चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। अधिकांश दुकानें मुख्य मार्ग और आबादी वाले क्षेत्र में स्थित होने के बावजूद लगातार चोरी होना पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ मामलों में चोरी की शिकायत के बावजूद FIR दर्ज करने में टालमटोल की गई और शिकायत की पावती तक नहीं दी गई, जिसके चलते कई मामले दबकर रह गए।
लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं के बाद अब घरघोड़ा पुलिस सक्रिय नजर आ रही है। पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद से घटनास्थलों पर सुराग तलाशने की कोशिश की है। वहीं रायगढ़ से साइबर टीम भी पहुंची है, जो तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस द्वारा शहर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
लोगों का कहना है कि पुलिस की यह सक्रियता सराहनीय है, लेकिन यदि शुरुआती चोरी की घटनाओं के बाद ही सख्ती और प्रभावी गश्त शुरू कर दी जाती तो संभवतः चोरों के हौसले इतने बुलंद नहीं होते। लगातार मुख्य मार्ग पर स्थित दुकानों को निशाना बनाए जाने से व्यापारी वर्ग में भय का माहौल है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि घरघोड़ा में लगातार हो रही चोरी की वारदातों के पीछे कौन है और पुलिस कब तक आरोपियों तक पहुंच पाती है? पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।





