घरघोड़ा (रायगढ़)।विकासखंड शिक्षा अधिकारी घरघोड़ा ने आदेश जारी कर सभी शासकीय और अशासकीय पूर्व माध्यमिक एवं हाई स्कूलों के प्रधानपाठकों को निर्देशित किया है कि संस्थान में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का गो-विज्ञान परीक्षा हेतु पंजीयन आगामी 20 सितम्बर 2025 तक अनिवार्य रूप से किया जाए।

जिला शिक्षा अधिकारी रायगढ़ के आदेश (क्रमांक 4575/विद्या/2025-26 दिनांक 13.08.2025) के पालन में जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि गो-विज्ञान परीक्षा में सम्मिलित होने वाले विद्यार्थियों का समय पर पंजीयन नहीं होने की स्थिति में वे परीक्षा से वंचित हो सकते हैं।


इस संबंध में विकासखंड संयोजक (गो-विज्ञान परीक्षा) श्री वरस्त कुमार यादव, शिक्षक (एल.बी.) मा.शा. बरदे को संपर्क अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनसे आवश्यक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9755134603 पर संपर्क किया जा सकता है।

गो-विज्ञान परीक्षा क्या है?
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा कुछ वर्षों से गो-विज्ञान परीक्षा (Cow Science Exam) का आयोजन किया जा रहा है। इस परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों में गाय एवं गौवंश के महत्व, उनके वैज्ञानिक, आर्थिक, पोषणीय एवं सांस्कृतिक योगदान की समझ विकसित करना है।

परीक्षा में प्रश्न गाय की नस्लें, गो-उत्पादों का उपयोग (जैसे- गोबर, गोमूत्र), पारंपरिक खेती में गौवंश की भूमिका, पर्यावरण संरक्षण एवं भारतीय संस्कृति में गो-वंश का महत्व आदि पर आधारित होते हैं।

परीक्षा का स्तर कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के अनुरूप रखा जाता है।पिछले वर्षों में इस परीक्षा में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया है।शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि 20 सितम्बर की अंतिम तिथि के बाद किसी भी प्रकार का पंजीयन स्वीकार नहीं किया जाएगा।अतः सभी विद्यालय समय पर पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कर संबंधित अधिकारी को विवरण भेजना सुनिश्चित करें।





