आज दिनांक 26 नवंबर 2025 को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदार, मुख्य नगरपालिका अधिकारी नगर पंचायत घरघोड़ा तथा नगर निरीक्षक की संयुक्त टीम द्वारा नगर में विशेष कार्रवाई की गई। मुख्य मार्ग के किनारे अस्थायी रूप से दुकानें लगाए जाने से आवागमन बाधित हो रहा था, साथ ही जन-धन हानि की आशंका भी बनी हुई थी।
प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी दुकानदारों एवं व्यवसायियों को साप्ताहिक बाजार के अंदर व्यवस्थित रूप से दुकानें लगाने हेतु निर्देशित किया। बाजार परिसर में अनावश्यक रूप से खड़े किए जा रहे वाहनों को भी हटवाया गया, क्योंकि इससे व्यापारियों को परेशानी एवं भीड़-भाड़ की स्थिति उत्पन्न हो रही थी।
टीम द्वारा कब्जा किए गए स्थानों को खाली कराते हुए वाहनों हेतु अलग से पार्किंग स्थल चिह्नित किया गया और पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित कर वाहन चालकों को निर्देशित किया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से मुख्य मार्ग पर सुगम यातायात सुनिश्चित हुआ तथा दुकानदारों को भी व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया गया।
प्रशासन द्वारा किए गए इन प्रभावी उपायों से अब आवागमन बाधित होने की संभावना नहीं रहेगी और बाजार क्षेत्र में बेहतर व्यवस्था बनी रहेगी।





