धरमजयगढ़ के 165 महिलाओं से 49 लाख की ठगी: महिलाओं के नाम से निकाला गया लोन, कोरबा की फ्लोरा मैक्स कम्पनी में जमा कराए और कर दिया धोखाधड़ी

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला के धरमजयगढ़ में आदिवासी महिलाओं से ठगी का मामला सामने आया है। जिसमें महिला समूह बनाकर 165 महिलाओं से फ्लोरा मैक्स कंपनी के द्वारा 49 लाख 50 हजार रूपए की धोखाधड़ी कर दी गई। ऐसे में पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने जुर्म कायम किया है। घटना धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र का है।मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम चैनपुर में रहने वाली बालकुमारी पति सेवक राम 35 साल ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया है।उसने अपने रिपोर्ट में बताया कि ग्राम सिथरा में रहने वाली मंजू चौहान को कोरबा के फ्लोरा मैक्स कंपनी के डायरेक्टर अखिलेश सिंह, राजू सिंह, गुडिया सिंह, बलराम बंजारा, श्याम सिंह ने कपंनी में जोड़ा। इसके बाद मंजू चौहान के माध्यम से महिला समूह बनाने के लिए अलग अलग गांव की महिलाओं को स्व-रोजगार योजना के तहत अधिक लाभ अर्जित करने के लिए कई व्यवसाय में जुड़ने की बात कही गई।

30-30 हजार रूपए जमा करने कहा गया

कंपनी के अखिलेश सिंह के द्वारा फ्लोरा मैक्स कम्पनी में निवेश करने के लिए सभी महिलाओं को 30-30 हजार रूपए जमा करने के लिए कहा गया। महिलाओं ने उतना रूपए निवेश नहीं कर पाने की बात कही। तब अखिलेश सिंह द्वारा अलग अलग महिलाओं का समूह बनाकर 165 महिलाओं को जोड़ा गया और व्यवसाय के लिए अलग अलग बैंकों से प्रति महिलाओं को 30-30 हजार रूपए का लोन दिलाया गया।

महिलाओं को हर माह 27 सौ देने का दिया प्रलोभन

इसके बाद महिला समूहों को अलग अलग व्यवसाय के संचालन के लिए विभिन्न स्थानों पर दुकानें संचालित करवाई गयी और दुकान खुलवाकर खरीदी बिक्री किया जाता रहा। संचालित दुकान से जो आय हुआ उसे अखिलेश सिंह द्वारा अपने पास रख लिया गया।प्रत्येक महिला को हर माह 2700 रूपए देने का प्रलोभन भी दिया गया था, पर अखिलेश सिंह द्वारा वह राशि पा लेने के बाद भी कोई रूपए का भुगतान नहीं किया जा रहा था। ऐसे में बैंक से लिया हुआ लोन के किश्तों का भुगतान करने का अतिरिक्त भार महिलाओं पर पड़ने लगा। इससे बैंक का लोन भी वे नहीं जमा कर पा रहे हैं।

कई गांव की महिलाओं को ठगा गया

पीड़िता ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि ग्राम चैनपुर के साथ ही सिथरा, जबगा, जमाबीरा समेत अन्य गांव की राधिका राठिया,अमरिका राठिया, सहोद्रा राठिया, तीजमति राठिया, गुरबारी चौहान,संतोषी चौहान, अमृता चक्रवर्ती, विरजमती अगरिया, जमुना बाई राठिया एवं अन्य महिलाआएं को ठगी का शिकार बनाया गया।

थाना में पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराया

इसके बाद कई बार संपर्क करने के बाद भी रूपए नहीं मिले तो महिलाएं समझ गई कि उनके साथ धोखाधड़ी हुआ है और 165 महिलाओं से 30-30 हजार रूपए कर 49 लाख 50 हजार रूपए अपनी कंपनी में जमा करा लिए हैं। जिसके बाद पीड़िता ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराया। जहां पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध कायम कर मंजू को हिरासत में ले लिया और पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।