राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में 15 नवम्बर से धान उपार्जन कार्य प्रारंभ होगा। आगामी खरीदी सत्र को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर सभी उपार्जन केंद्रों में तौल मशीन, बारदाना, पेयजल, बिजली और सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
अवैध धान परिवहन एवं भंडारण रोकने प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिले की सीमाओं पर निगरानी बढ़ाई गई है। इसी क्रम में तहसील छाल के ग्राम हाटी में की गई कार्रवाई में 900 बोरा अवैध धान जब्त किया गया है, जिसमें एक ट्रक में भरे 600 बोरा और गोदाम से 300 बोरा धान शामिल है।
जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर जिला खाद्य विभाग ने 24 घंटे सक्रिय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, फ्लाइंग स्क्वॉड व कंट्रोल टीम गठित की है। सीमावर्ती क्षेत्रों में 10 अंतरराज्यीय और 15 आंतरिक चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध धान परिवहन या भंडारण में लिप्त पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।





