उस्मान बेग की लॉबिंग से अंदरखाने तक बढ़ी हलचल
घरघोड़ा नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 6 में कांग्रेस का जनाधार लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। कांग्रेस प्रत्याशी लीलाधर साहू अपनी सहज और मिलनसार छवि के साथ डोर-टू-डोर जनसंपर्क में जुटे हुए हैं। वहीं, कांग्रेस के प्रभावशाली युवा नेता और वार्ड 6 के पूर्व पार्षद उस्मान बेग भी पूरी ताकत से लीलाधर के समर्थन में लॉबिंग कर रहे हैं। इससे वार्ड में कांग्रेस की पकड़ और मजबूत होती दिख रही है।
बीजेपी के लिए मुश्किलें, परंपरागत वोटों पर निर्भरता
वार्ड 6 में बीजेपी की स्थिति इस बार डांवाडोल नजर आ रही है। अब तक पार्टी किसी ठोस रणनीति के साथ सामने नहीं आई है और परंपरागत वोट बैंक के सहारे चुनाव जीतने की उम्मीद कर रही है। हालांकि, कांग्रेस की आक्रामक जनसंपर्क मुहिम और लीलाधर साहू की लोकप्रियता बीजेपी की राह में मुश्किलें खड़ी कर सकती हैं।
क्या बीजेपी काट सकेगी कांग्रेस की चाल ??
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि बीजेपी को इस वार्ड में मुकाबला करना है, तो उसे जल्द ही कोई ठोस रणनीति बनानी होगी। कांग्रेस की बढ़ती पकड़ और लीलाधर-उस्मान की जोड़ी के प्रभाव को देखते हुए बीजेपी के लिए राह आसान नहीं होगी। अब देखना होगा कि पार्टी परंपरागत वोट बैंक पर निर्भर रहती है या कोई नई रणनीति अपनाकर कांग्रेस की बढ़त को चुनौती देती है।





