तमाशबीन बनी रही भीड़, वायरल वीडियो पर अब तक पुलिस चुप
रायगढ़। शहर के राजीव नगर क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक चाय दुकान में चोरी के शक में पकड़े गए नाबालिग के साथ कुछ लोगों ने ऐसी बेरहमी की, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, नाबालिग को खंभे से बांधकर पहले बेल्ट और बेसबॉल बैट से बेरहमी से पीटा गया, फिर घूंसे से चेहरे पर वार किया गया, जिससे उसका जबड़ा फट गया। इस दौरान वहां मौजूद लोग मूकदर्शक बने तमाशा देखते रहे, कोई भी मासूम को बचाने आगे नहीं आया।
इस अमानवीय घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि मासूम दर्द से तड़प रहा है, जबकि भीड़ मोबाइल कैमरे में वीडियो बनाने में व्यस्त रही।
पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि अब तक पुलिस के पास न तो कोई शिकायत पहुंची है और न ही वायरल वीडियो पर कोई कार्रवाई की गई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना पर पर्दा डालने की कोशिशें भी की जा रही हैं। यह मामला न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल उठाता है, बल्कि समाज की संवेदनहीनता और मानवता के पतन की ओर भी इशारा करता है।





