खबर का असर:हरकत में आई पुलिस-मार पिट कर वीडियो वायरल करने वाले दो युवक गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए जेल!!

 

 

रायगढ़। सोशल मीडिया पर नाबालिग की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल होने के मामले में रायगढ़ आवाज़ की खबर ने बड़ा असर दिखाया है। खबर प्रसारित होने के बाद कोतवाली पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों प्रकाश नेताम और दीपक नेताम को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

वायरल वीडियो में दोनों युवक नाबालिग से मारपीट करते और उसे धमकाते हुए नजर आए थे। मामले के संज्ञान में आते ही पीड़ित बालक के पिता ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और बाल संरक्षण अधिनियम 2015 की धारा 74, 75 के तहत अपराध दर्ज किया।

जांच के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, रस्सी और बेल्ट जब्त किए हैं। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार किया और बताया कि उन्होंने नाबालिग से मारपीट कर वीडियो कुछ न्यूज़ चैनलों को भेजा था।