धरमजयगढ़ में गूंजा जल-जंगल-जमीन का स्वर:ग्रामीणों की मौन रैली से प्रशासन के दावे बेनकाब

 

धरमजयगढ़। जिले के धरमजयगढ़ ब्लॉक मुख्यालय में बुधवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने संविधान की प्रति हाथ में लेकर पुरुंगा कोल ब्लॉक परियोजना के खिलाफ मौन रैली निकाली। यह रैली मेसर्स अंबुजा सीमेंट्स लिमिटेड (अडानी समूह से संबद्ध) की प्रस्तावित 869.025 हेक्टेयर भूमिगत कोयला खदान के विरोध में आयोजित की गई।

प्रभावित ग्राम पुरुंगा, कोकदार और साम्हरसिंघा के ग्रामीणों ने स्थानीय एसडीएम, सीईओ और वन मंडलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर 11 अक्टूबर को निर्धारित जनसुनवाई को निरस्त करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि यह क्षेत्र अनुसूचित क्षेत्र के अंतर्गत आता है, जहाँ बिना ग्राम सभा की सहमति किसी भी परियोजना को लागू करना संविधान के अनुच्छेद 243 और पेसा अधिनियम 1996 का उल्लंघन है।

ग्रामवासियों ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी ग्राम सभा ने सर्वसम्मति से इस परियोजना का विरोध किया है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि पेसा कानून का पालन करते हुए ग्रामीणों की सहमति से ही आगे की प्रक्रिया चलाई जाए।

कुछ दिन पूर्व जिला प्रशासन ने जनसुनवाई को लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की सहमति का दावा किया था, मगर बुधवार की मौन रैली ने इन दावों की सच्चाई उजागर कर दी है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस शांतिपूर्ण विरोध के बाद क्या रुख अपनाता है।