रायगढ़ जिले के तमनार इलाके में सीएचपी चौक पर जेपीएल (JPL) की प्रस्तावित जनसुनवाई निरस्त करने की मांग को लेकर ग्रामीण पिछले 15 दिनों से धरने पर बैठे थे। आज पुलिस धरना हटाने पहुंची। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और स्थिति हिंसक हो गई।
ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव किया। भीड़ ने तीन वाहनों में आग लगा दी। महिला थाना प्रभारी कमला पुषाम को महिलाओं ने लात मारी, जिससे थाना प्रभारी घायल हो गई हैं। हालात बेकाबू हो गए हैं। हालांकि पुलिस प्रशासन अभी लोगों को शांत कराने में लगी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कुछ ग्रामीणों को हिरासत में लेकर थाना भेजा, जिससे ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। इसके बाद पुलिस पर पथराव किया गया। घटना से जुड़े वीडियो भी सामने आए हैं।एक वीडियो में महिलाएं तमनार थाना प्रभारी कमला पुषाम से मारपीट करती नजर आ रही हैं, जबकि दूसरे वीडियो में वही महिलाएं उन्हें पानी पिलाती दिखाई दे रही हैं। पथराव और झड़प के दौरान थाना प्रभारी कमला पुषाम घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
वहीं, उपद्रव के दौरान तीन वाहनों में आग लगा दी गई। इनमें से एक वाहन एसडीएम का बताया जा रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।स्थिति पर नजर रखी जा रही है और मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।





