घरघोड़ा:ताला तोड़कर दुकान से 43 नए मोबाइल, 40 पुराने मोबाइल चोरी

 

घरघोड़ा में बेखौफ चोरों का आतंक, लाखों की चोरी से व्यापारियों में दहशत

घरघोड़ा थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुदुमकेला तेतिपारा मेन रोड स्थित मोबाइल दुकान को अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में निशाना बनाते हुए शटर का ताला तोड़ दिया और दुकान से 43 नए मोबाइल, 40 पुराने मोबाइल, 11 ब्लूटूथ स्पीकर, 3 ब्लूटूथ हेडफोन समेत नगदी 3 हजार रुपए चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में भारी आक्रोश और डर का माहौल है।

पीड़ित दुकानदार प्रोजल राय  ने बताया कि वह प्रतिदिन की तरह 15 फरवरी की रात करीब 8:15 बजे दुकान बंद कर घर गया था। अगले दिन 16 फरवरी की सुबह जब दुकान पहुंचा तो देखा कि शटर का ताला टूटा हुआ है और अंदर रखा सामान बिखरा पड़ा है। जांच करने पर पता चला कि बड़ी मात्रा में मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी हो चुका है।

चोरी के दौरान दुकान में रखे कागजात भी ले जाए गए हैं, जिससे सभी मोबाइलों के IMEI नंबर जुटाने में परेशानी आ रही है। दुकानदार ने उपलब्ध IMEI नंबर पुलिस को सौंप दिए हैं ताकि ट्रेसिंग की जा सके।

घरघोड़ा में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि रात में पुलिस पेट्रोलिंग न के बराबर है, जिसके चलते चोर बेखौफ वारदात को अंजाम दे रहे हैं।

पीड़ित ने मामले की शिकायत घरघोड़ा थाना में दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, लेकिन अब तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।