रायगढ़। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आगामी 12 नवम्बर को यूनिटी मार्च का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन की जानकारी लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
सांसद राठिया ने बताया कि यूनिटी मार्च का उद्देश्य सरदार पटेल के योगदान को नमन करना और देश में एकता, अनुशासन और सेवा भावना का संदेश जन-जन तक पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि रायगढ़ जिले में यह मार्च सुबह 9:30 बजे घरघोड़ा के गायत्री मंदिर से प्रारंभ होकर तमनार तक निकाली जाएगी। यह लगभग 12 किलोमीटर लंबी पदयात्रा होगी, जिसमें हर दो से ढाई किलोमीटर पर पड़ाव लेकर सरदार पटेल के छायाचित्र पर माल्यार्पण किया जाएगा।
मार्ग — गायत्री मंदिर घरघोड़ा → हाईस्कूल मैदान → झरियापाली → देवगढ़ → जरेकेला → बासनपाली → तमनार तक रहेगा।
इसमें स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि, एनएसएस, एनसीसी, माय भारत वॉलियंटियर, सामाजिक संगठन और गणमान्य नागरिक भाग लेंगे। सांसद राठिया ने कहा — “हम सबकी सहभागिता से यह आयोजन भव्य रूप लेगा और रायगढ़ जिले को नई पहचान देगा।”
कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न वाद-विवाद, निबंध, कला एवं पोस्टर प्रतियोगिताएँ, योग शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, स्वच्छता अभियान और नशा मुक्ति शपथ कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों का उद्देश्य युवाओं में जागरूकता बढ़ाना और समाज में एकता, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता का संदेश देना है।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविन्द्र गबेल, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी व मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।





