छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हाथियों के बड़े दल का सड़क पार करते हुए वीडियो सामने आया है। खरसिया रेंज से छाल वन परिक्षेत्र की ओर बढ़ रहे 51 हाथियों के दल ने बरभौना और एड़ू के बीच सड़क पार की। हाथियों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग ने दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही कुछ समय के लिए रोक दी। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह खरसिया रेंज के मांड नदी क्षेत्र में एक हाथी शावक का शव मिला था। यह शावक उसी 51 सदस्यीय दल का हिस्सा बताया जा रहा है, जो पिछले कुछ दिनों से खरसिया के जंगलों में विचरण कर रहा था।
सोमवार शाम दल आगे बढ़ते हुए छाल रेंज की ओर पहुंचा। इस दौरान बरभौना और एड़ू के बीच हाथी अचानक सड़क पर आ गए। दल में नर, मादा और शावक हाथी भी शामिल थे।
छाल रेंजर राजेश चौहान ने बताया कि हाथियों का दल सोमवार शाम खरसिया क्षेत्र से छाल रेंज में प्रवेश किया है। सड़क पार करने के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर वाहनों की आवाजाही रोकी गई थी। वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की निगरानी कर रही है और प्रभावित गांवों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।





