घरघोड़ा में बाइक चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार,सह-आरोपी अब भी फरार,सोशल मीडिया पर सक्रियता को लेकर उठे सवाल

 

घरघोड़ा- पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए निगरानी बदमाश महेश पैंकरा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और रेडमी कंपनी का मोबाइल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी बाइक चोरी के मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है। वहीं इस मामले का सह-आरोपी विकास चौहान निवासी चुहकीमार अब भी फरार है, जिसकी तलाश लगातार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी बसंत राठिया निवासी फुलीकुण्डा ने थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 जून 2026 को वह खाद लेने घरघोड़ा आया था। उसने अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG-13-UA-3703 जैन पंडा के घर के सामने खड़ी की थी। बाइक के हैंडल में टंगे झोले में रखा रेडमी कंपनी का मोबाइल भी गायब हो गया। शिकायत पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 234/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शनि मंदिर के पास घेराबंदी कर महेश पैंकरा (34) निवासी नेगीपारा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथी विकास चौहान के साथ मिलकर बाइक और मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की बाइक और लगभग ₹20,000 कीमत का रेडमी मोबाइल बरामद कर लिया। जबकि सह-आरोपी विकास चौहान अभी भी फरार बताया गया है।

इस बीच स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा भी है कि फरार बताए गए सह-आरोपी विकास चौहान का सोशल मीडिया अकाउंट लगातार सक्रिय दिखाई दे रहा है। लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया पर सक्रियता नजर आने के बावजूद आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जिससे पुलिस की तलाश को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, सोशल मीडिया पर किसी अकाउंट का सक्रिय दिखाई देना व्यक्ति की वास्तविक लोकेशन का प्रमाण नहीं होता और इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश लगातार जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।