रायगढ़। जिले के लोईंग गांव में स्थित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक शाखा में रविवार रात अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बैंक परिसर से धुआं निकलता देख स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी बैंक प्रबंधन को दी, जिसके बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार, बैंक जिस भवन में संचालित हो रहा है, उसके ऊपरी हिस्से में मकान मालिक सहित अन्य परिवार निवास करते हैं। रात के समय बैंक परिसर से धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही बैंक प्रबंधक ने दमकल और पुलिस विभाग को घटना की जानकारी दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग तेजी से बैंक परिसर के विभिन्न हिस्सों में फैल गई थी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर लगातार प्रयास किए और करीब दो से तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। घटना के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर एकत्रित हो गए थे।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। आग की चपेट में आने से बैंक का फर्नीचर तथा कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेजों को नुकसान पहुंचने की जानकारी मिली है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
बैंक प्रबंधन के अनुसार आग रात करीब साढ़े नौ बजे लगी थी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। संबंधित विभागों द्वारा मामले की जांच जारी है।





