युवा पत्रकार संघ की विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन, राजस्व विभाग बना चैंपियन-वन विभाग रहा उपविजेता

घरघोड़ा।युवा पत्रकार संघ घरघोड़ा के तत्वावधान में आयोजित विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन रविवार को उत्साह, रोमांच और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में घरघोड़ा राजस्व विभाग की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि वन विभाग की टीम उपविजेता रही।

फाइनल मैच के दौरान दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीम वर्क और खेल भावना का बेहतरीन परिचय दिया। रोमांचक मुकाबले ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों का जोश, प्रतिस्पर्धात्मक भावना और खेल के प्रति समर्पण देखने लायक रहा, जिससे आयोजन यादगार बन गया।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) घरघोड़ा दुर्गा प्रसाद रहे। मुख्य अतिथि द्वारा विजेता राजस्व विभाग एवं उपविजेता वन विभाग की टीम को कप एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि दुर्गा प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि विभागीय खेल प्रतियोगिताएं आपसी सौहार्द, सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देती हैं। ऐसे आयोजन कर्मचारियों में सकारात्मक सोच के साथ नई ऊर्जा का संचार करते हैं और कार्यस्थल पर बेहतर समन्वय स्थापित करते हैं।

समापन समारोह में उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों एवं आयोजकों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। युवा पत्रकार संघ घरघोड़ा द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता पूरी तरह सफल एवं सराहनीय रही, जिसकी खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं दर्शकों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

कार्यक्रम में एसडीएम दुर्गा प्रसाद के साथ तहसीलदार मनोज कुमार गुप्ता, नायब तहसीलदार सहोदर राम पैंकरा, जनपद पंचायत सीईओ विनय चौधरी, खंड चिकित्सा अधिकारी एस.आर. राठिया, वन परिक्षेत्र अधिकारी सी.आर. राठिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी दर्शक उपस्थित रहे।