चुनावी रण में बीजेपी के पक्ष में दिखा समर्थन,चौपाल में उमड़ी भीड़
क्या जीत की ओर सधी रणनीति से बढ़ रहे सुनील..???
घरघोड़ा नगर पंचायत चुनाव में प्रचार का शोर अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। महज दो दिन शेष रहने के कारण सभी प्रत्याशी अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सुनील सिंह ठाकुर के समर्थन में भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। नगर के विभिन्न वार्डों में चुनावी माहौल गर्माने लगा है, जहां भाजपा कार्यकर्ता और नेता जनता से संपर्क साध रहे हैं और अपनी पार्टी के लिए समर्थन जुटा रहे हैं।
रायगढ़ सांसद ने संभाली कमान, जन चौपाल में किया जनसंपर्क
भाजपा के प्रचार अभियान को धार देने के लिए रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया भी घरघोड़ा पहुंचे। उन्होंने विभिन्न वार्डों में जन चौपाल लगाकर मतदाताओं से सीधे संवाद किया और भाजपा प्रत्याशी सुनील सिंह ठाकुर को विजयी बनाने की अपील की। जन चौपाल में भारी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही, जिन्होंने सांसद राठिया से संवाद किया और चुनावी मुद्दों पर चर्चा की।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिखाई एकजुटता
चुनाव प्रचार के इस अंतिम चरण में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी पूरी ऊर्जा झोंक दी है। घरघोड़ा के विभिन्न क्षेत्रों में पदयात्रा निकालकर मतदाताओं तक पहुंच बनाई जा रही है। भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा और अन्य प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता घर-घर जाकर पार्टी का संदेश पहुंचा रहे हैं।
जनता का मिल रहा समर्थन,ट्रिपल इंजन-रफ्तार में विकास
चुनावी माहौल को देखते हुए स्थानीय जनता का झुकाव भी भाजपा की ओर देखने को मिल रहा है। राधेश्याम राठिया ने अपने संबोधन में भाजपा की नीतियों, विकास योजनाओं और सुनील सिंह ठाकुर की नेतृत्व क्षमता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में घरघोड़ा का विकास तेजी से होगा और हर नागरिक को लाभ मिलेगा। ट्रिपल इंजन से विकास की रफ्तार के मूलमंत्र के साथ बीजेपी को बहुमत से जीताने की अपील सांसद के साथ सभी बीजेपी नेताओ ने की । उपस्थित भीड़ भी सांसद का समर्थन जताकर बीजेपी के मजबूत होते समर्थन को दिखा रही थी ।
चुनाव प्रचार में आई तेजी, मुकाबला हुआ दिलचस्प
चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में भाजपा ने अपनी रणनीति को और धारदार बना दिया है। हर वार्ड में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है, जिससे मुकाबला बेहद रोचक हो गया है। सभी राजनीतिक दल अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं, लेकिन भाजपा की रणनीति और संगठित प्रचार अभियान इसे और रोमांचक बना रहे हैं। आगामी चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन कैसा रहेगा, यह तो मतगणना के बाद ही स्पष्ट होगा, लेकिन अभी के माहौल को देखते हुए कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है।





