घरघोड़ा के कया की वोटर लिस्ट में भरतपुर के पूर्व विधायक का नाम

छत्तीसगढ़ में प्रत्येक मतदाता से एसआईआर फॉर्म भरवाया जा रहा है। 12 तरह के दस्तावेजों से वेरीफिकेशन किया जा रहा है। बीएलओ को अपने मतदान केंद्र के समस्त मतदाताओं का फॉर्म लेकर जमा करवाना है। भरतपुर-सोनहत के पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता गुलाब कमरो अपना फॉर्म जमा नहीं कर पाए। इस घटना का संबंध रायगढ़ से है। उन्होंने एसआईआर में तकनीकी गड़बड़ी का आरोप लगाया है।बताया जा रहा है कि ऑनलाईन प्रक्रिया में गंभीर त्रुटि सामने आई है। भरतपुर सोनहत के पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने एसआईआर में तकनीकी गड़बड़ी का आरोप लगाया है।कमरो का कहना है कि उनका नाम रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ विधानसभा में दर्ज हो गया है। जबकि पूर्व विधायक कमरो मनेन्द्रगढ़ ब्लॉक के साल्ही गांव के मतदाता हैं। जब उन्होंने बीएलओ को फॉर्म जमा करने को कहा तो पता चला कि पहले ही उनका फॉर्म जमा हो चुका है। तस्दीक की गई तो घरघोड़ा ब्लॉक के ग्राम कया में फॉर्म जमा होना दर्शाया गया। इसके बाद कांग्रेस ने पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय को जानकारी देने के बाद भी समाधान नहीं हुआ। जिसके बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ से शिकायत की गई है।

एक ही नाम होने के कारण हो रही गड़बड़ी

तकनीकी जानकारों का कहना है कि एसआईआर की प्रक्रिया पूरी तरह सेंट्रलाइज्ड है। सारे नाम एक ही सॉफ्टवेयर में दर्ज हो रहे हैं। जब किसी का नाम और पिता का नाम एक जैसा होता है, तो मतदाता की लोकेशन आपस में बदल जाती है। संभवतः गुलाब कमरो के मामले में भी ऐसा ही हुआ है। एसआईआर के सॉफ्टवेयर को पूरी तरह से तैयार नहीं किया गया है।

कमरो का नाम सही रिकॉर्ड में दुरुस्त, बीएलओ को कारण बताओ नोटिस

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य सुचारू और व्यवस्थित रूप से जारी है। बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना पत्रक का वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया की जा रही है। इसी प्रक्रिया के दौरान हुई एक तकनीकी त्रुटि पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक चतुर्वेदी ने त्वरित संज्ञान लेते हुए सुधारात्मक कदम उठाए हैं। मनेन्द्रगढ़ जिले की विधानसभा क्रमांक- 1 भरतपुर-सोनहत के पूर्व विधायक गुलाब सिंह कमरो ने 21-नवम्बर 2025 को सूचना दी थी कि उनका नाम गलती से जिला रायगढ़, विधानसभा 19 धरमजयगढ़ के मतदान केन्द्र क्रमांक 169 कया-1 तहसील घरघोड़ा के मतदाता गुलाब महंत पिता आनंद उम्र 25, EPIC NO:Lsc1058569 के स्थान पर मैप हो गया है। नाम एवं पिता का नाम समान होने के कारण यह त्रुटि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान गणना पत्रक के डिजिटाइजेशन में हुई।अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सह निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी धरमजयगढ़ ने बताया कि सूचना मिलते ही संबंधित बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। तत्पश्चात् 25 नवम्बर को बीएलओ एप में अनमैप विकल्प उपलब्ध होते ही पूर्व विधायक गुलाबसिंह कमरो का नाम तत्काल अनमैप कर दिया गया। अधिकारी ने बताया कि कमरो का वास्तविक एवं वैध नामांकन विधानसभा- 1 भरतपुर-सोनहत, मतदान क्रमांक 283, साल्ही, सरल क्रमांक 571, EPIC NO:FDN0643080 में विधिवत दर्ज है। पूर्व विधायक ने एसआईआर 2025 में अपना गणना पत्रक स्वयं भरकर प्रस्तुत कर दिया है, जिसकी छायाप्रति विभाग के अभिलेखों में सुरक्षित है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सह निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी धरमजयगढ़ ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता, विश्वसनीयता और त्रुटिरहित संचालन सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से प्रकरण का तुरंत निराकरण कर आवश्यक कार्रवाई की गई है।