समिति स्तर पर किसानों का पंजीयन अब 30 नवंबर 2025 तक बढ़ा

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए एकीकृत किसान पोर्टल में फसल पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। पहले यह अवधि 18 से 25 नवंबर तक तय थी, लेकिन तकनीकी दिक्कतों, पोर्टल की धीमी गति और कई किसानों के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर उपलब्ध न होने जैसी समस्याओं को देखते हुए विभाग ने समय सीमा 30 नवंबर 2025 तक बढ़ाने का निर्णय लिया है।

विभाग द्वारा जिला खाद्य अधिकारियों को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि जिन किसानों को पोर्टल में प्रवेश नहीं मिल पाया या जिनका मोबाइल नंबर पंजीकृत नहीं था, उन्हें पंजीयन का अतिरिक्त अवसर अवश्य दिया जाए। इस संबंध में सभी समितियों को निर्देशित किया गया है कि वे किसानों का पंजीयन बिना किसी बाधा के 30 नवंबर तक सुनिश्चित करें।

निर्णय से हजारों किसानों को राहत मिलेगी, क्योंकि पंजीयन नहीं होने पर समर्थन मूल्य पर धान बेचने में कठिनाई आती। अब विभाग की ओर से स्पष्ट निर्देश जारी होने के बाद जिले-जिले की समितियों ने भी सूचना जारी कर दी है कि किसान पंजीयन 30 नवंबर तक जारी रहेगा।