छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के पुसौर ब्लॉक के नंदेली गांव में देर रात करीब 3 बजे एक कच्चा मकान अचानक ढह गया। हादसे के समय परिवार के सदस्य मकान के अंदर सो रहे थे। मकान के मलबे में दबने से रोहिणी महंत (40), उनके पति रतन महंत (42) और 13 वर्षीय बेटे शिवम महंत घायल हो गए।
मकान गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद तीनों घायलों को मलबे से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तत्काल पुसौर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसे में रोहिणी महंत की हालत गंभीर बताई गई। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
वहीं, रोहिणी के पति रतन महंत और 13 वर्षीय बेटे शिवम महंत का पुसौर अस्पताल में इलाज जारी है। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।





