घरघोड़ा में दर्दनाक हादसा: ढलान पर लुढ़के ट्रेलर को रोकने की कोशिश में चालक की मौत

घरघोड़ा थाना क्षेत्र में फिल कोल प्राइवेट लिमिटेड के गेट के पास बुधवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। कोयला लोड करने के बाद ढलान पर खड़े ट्रेलर के अचानक आगे बढ़ जाने से उसे रोकने की कोशिश कर रहा चालक उसकी चपेट में आ गया। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर सनसनी फैल गई।

मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेलर क्रमांक CG 10 EQ 1511 का चालक राजा भईया, पिता रामप्यारे, निवासी जिला चित्रकूट, उत्तर प्रदेश, कोयला लोड करने के बाद बिल्टी लेने के लिए वाहन को फिल कोल प्राइवेट लिमिटेड के पास ढलान पर खड़ा कर गार्ड रूम की ओर गया था। इसी दौरान ट्रेलर अचानक अपने आप आगे की ओर बढ़ने लगा।

वाहन को आगे बढ़ता देख चालक राजा भईया उसे रोकने के लिए दौड़कर वापस आया। उसने ट्रेलर को रोकने के लिए खलासी साइड से वाहन में चढ़ने का प्रयास किया। इसी दौरान बारिश के कारण सड़क और आसपास की जमीन पर मौजूद कीचड़ में उसका पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ने से चालक जमीन पर गिर पड़ा।

चालक के गिरते ही ढलान पर आगे बढ़ रहा ट्रेलर उसके ऊपर से निकल गया। हादसे में ट्रेलर का पिछला पहिया चालक की कमर के ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद घरघोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया। परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। हादसे की सूचना के बाद मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे।

पुलिस के अनुसार, वाहन को ढलान पर लापरवाहीपूर्वक खड़ा किए जाने के मामले में मृतक चालक राजा भईया के विरुद्ध ही बीएनएस की धारा 106(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में आगे की विवेचना शुरू कर दी है।