माइक्रो क्रेडिट बैंक के आवासीय कार्यालय में चोरी

 

 

खिड़की की सिंकनी तोड़कर घुसे चोर, 88 हजार रुपये का सामान पार

रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ स्थित केशपुर माइक्रो क्रेडिट बैंक के कार्यालय-सह-आवासीय परिसर में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर करीब 88 हजार रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह उस समय हुई, जब शाखा प्रबंधक कार्यालय पहुंचे।

जानकारी के अनुसार, केशपुर माइक्रो क्रेडिट बैंक की शाखा कार्यालय, नंदनी नगर वार्ड क्रमांक 8, धरमजयगढ़ में संचालित है। शाखा प्रबंधक दीपक साहू ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि कार्यालय और आवासीय परिसर एक साथ हैं। यहां वे अपने सहायक और चौकीदार के साथ रहते हैं।

प्रबंधक के मुताबिक, 7 सितंबर की देर रात करीब 12 बजे से 1 बजे के बीच अज्ञात चोर पीछे की खिड़की के रास्ते कार्यालय परिसर में घुसे। चोरों ने खिड़की की सिंकनी तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कार्यालय में रखे सामान की चोरी कर ली।

चोरी गए सामान में एक लैपटॉप, जिसकी कीमत करीब 60 हजार रुपये, रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन करीब 11 हजार रुपये और एक अन्य मोबाइल फोन करीब 28 हजार रुपये कीमत का बताया गया है। चोरों ने कुल करीब 88 हजार रुपये के सामान पर हाथ साफ किया।

घटना के बाद शाखा प्रबंधक दीपक साहू ने 8 सितंबर को धरमजयगढ़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। आवेदन के अवलोकन के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर रही है। साथ ही चोरी गए मोबाइल और लैपटॉप की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देने की तैयारी की जा रही है।