रायगढ़ कांग्रेस:9 जून से करेगी बीईओ ऑफिस का घेराव

रायगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी में राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे युक्तियुक्तकरण को लेकर पत्रकारवार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने युक्तियुक्तकरण से होने वाली समस्याओं को बताया। साथ ही,इसके विरोध में कांग्रेस द्वारा किए जाने वाली चरणबद्ध शिक्षा न्याय  आंदोलन के बारे में जानकारी दी। इस दौरान बिलाईगढ़ के पूर्व विधायक चंद्रदेव राय ने कहा कि युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया से 10000 से ज्यादा स्कूल बंद होने से शिक्षकों के साथ रसोइया, चौकीदार भृत्य और महिला समूहों के रोजगार पर भी सीधा प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा,सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों विशेषकर बस्तर, सरगुजा, जशपुर जैसी जगहों पर स्कूलों की कमी होगी।उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार झूठ बोल रही है कि स्कूल बंद नहीं होंगे।भाजपा ने विधानसभा चुनावों में दावा किया था कि राज्य में 58,000 शिक्षकों के पद खाली है। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार ने विधानसभा में 35,000 पद भरे जाने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा, इस वर्ष बजट में भी 20,000 शिक्षकों की भर्ती की बात की गई है,लेकिन यह भर्तियां नहीं करनी पड़े,इसलिए 45,000 पदों को खत्म किया जा रहा है। जब पद ही खाली नही रहेंगे तो भर्ती कहां से करेंगे। युक्तियुक्तकरण शिक्षा विरोधी, रोजगार विरोधी कदम है। 10 हजार स्कूलों के बंद होने से रसोइया,चौकीदार, भृत्य जैसे पद भी समाप्त होंगे।हजारों लोगों के रोजगार के अवसर समाप्त होंगे। कांग्रेस इसके खिलाफ जमीनी लड़ाई लड़ने जा रही है अब सभी जिलों और ब्लॉकों में आंदोलन चलाने का फैसला लिया गया है।

पत्रकारवार्ता में बताया गया कि युक्तियुक्तकरण के विरोध में कांग्रेस पार्टी 5, 6 और 7 जून को जिला स्तर पर प्रेसवार्ता कर रही है। इसके बाद 9 से 11 जून तक ब्लॉक शिक्षा अधिकारी का घेराव किया जाएगा। 16 से 25 जून तक 5 किमी की पदयात्रा होगी और 26 से 30 जून को युक्तियुक्तकरण से प्रभावित स्कूल में जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।