कलेक्टर से मिली जमीन पर दबंगों का कब्जा! धमकाकर जारी रखा निर्माण, अधिकारियों की चेतावनी भी नाकाम

 धरमजयगढ़:ग्राम पंचायत गोलाबुड़ा में शासकीय जमीन पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ दबंगों ने कलेक्टर द्वारा आवंटित भूमि और सड़क किनारे की शासकीय जमीन पर फर्जी पंचायत प्रस्ताव बनाकर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कर लिया है। दुकानों को अपने परिवार केbसदस्यों में बांटकर व्यापार भी शुरू कर दिया गया है। मामले को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया है।

ग्रामीण दुखीराम यादव ने बताया कि जिस भूमि का आवंटन उन्हें कलेक्टर द्वारा किया गया था, उस पर दबंगों ने जबरन निर्माण शुरू कर दिया। तहसील प्रशासन ने निर्माण कार्य पर रोक लगाई थी, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार दबंगों ने धमकाकर रोक हटवा दी और निर्माण जारी रखा। ग्रामीणों का कहना है कि बिना अनुमति शासकीय भूमि पर निर्माण पूरी तरह अवैध है, लेकिन कुछ प्रभावशाली लोग नियमों की अनदेखी कर दुकानें बना रहे हैं।तहसीलदार का नोटिस बेअसर ग्रामीणों ने बताया कि अवैध निर्माण पर तहसीलदार द्वारा नोटिस जारी किया गया था, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ। दबंग खुलेआम धमकी देते हुए कहते हैं कि जहां शिकायत करना है कर लो, हमारा कुछ नहीं होगा। ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित लोग खुद को मुख्यमंत्री के खास कार्यकर्ता बताकर अधिकारियों पर दबाव बना रहे हैं।